बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, ओडिशा के 16 जिलों में अलर्ट जारी

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव लगातार मजबूत हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, इसके 19 नवंबर तक बहुत भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। संभावित तूफान को ‘अकवान’ नाम दिया गया है। इसके खतरे को देखते हुए ओडिशा के 16 जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

बंगाल की खाड़ी में एक गहरा दबाव का क्षेत्र बन गया है, जो लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह मौसम प्रणाली अगले कुछ दिनों में और ताकतवर हो सकती है। अनुमान है कि सोमवार शाम तक यह चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है।

मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि 17 नवंबर तक यह भीषण चक्रवाती तूफान बन सकता है, जबकि 19 नवंबर की शाम तक इसके बहुत भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।

ओडिशा समेत पूर्वी तट पर बढ़ी चिंता

इस मौसम प्रणाली के मजबूत होने से ओडिशा समेत पूर्वी तट के कई इलाकों में चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग इसके रास्ते, रफ्तार और तीव्रता पर लगातार नजर बनाए हुए है।

IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव पिछले छह घंटों के दौरान करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है।

फिलहाल यह विशाखापत्तनम से लगभग 870 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और गोपालपुर से करीब 980 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में स्थित है। मौसम विभाग का अनुमान है कि ताकत बढ़ने के बाद यह सिस्टम आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है।

18 नवंबर से बदल सकता है ओडिशा का मौसम

मौसम प्रणाली के प्रभाव से ओडिशा में 18 नवंबर से मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए राज्य के 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 19 से 21 नवंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने अलग-अलग तारीखों के लिए कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

19 नवंबर: पुरी, गंजाम और गजपति जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

20 नवंबर: गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।

21 नवंबर: पश्चिमी ओडिशा के बरगढ़, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग बंगाल की खाड़ी में बने इस सिस्टम की स्थिति, गति और ताकत में होने वाले बदलावों पर लगातार नजर रख रहा है। तूफान किस दिशा में आगे बढ़ेगा और तट के किस हिस्से पर इसका असर पड़ेगा, इस बारे में आने वाले दिनों में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।