हरादून के बन्नू मैदान में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम, देशभर से पहुंचे छात्र

देहरादून के बन्नू मैदान में आयोजित कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों से संवाद किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और हरियाणा सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

खराब मौसम के बावजूद उमड़ी भीड़

राहुल गांधी के कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही बन्नू मैदान में भारी भीड़ जुट गई। खराब मौसम के बावजूद छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

व्हीलचेयर पर पहुंचे दिव्यांग छात्र

महाराष्ट्र से आए दिव्यांग छात्र संजीत व्हीलचेयर पर कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्होंने मास्टर डिग्री पूरी कर ली है और आगे पीएचडी करना चाहते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से उनका मनोबल प्रभावित हुआ है।

संजीत ने कहा कि छात्रों के मुद्दों को लेकर राहुल गांधी जो अभियान चला रहे हैं, वह उसका समर्थन करने के लिए कार्यक्रम में पहुंचे हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी जताया समर्थन

कांग्रेस कार्यकर्ता दिगंबर सिंह नेगी ने बताया कि वह वर्ष 2002 से पार्टी से जुड़े हैं और कांग्रेस के हर बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेते रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए वह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

पेपर लीक पर उठी चिंता

नॉर्थ रेसकोर्स वार्ड नंबर-20 के पार्षद वीरेंद्र बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से छात्रों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इस संवाद कार्यक्रम से छात्रों को अपनी बात रखने का मंच मिला और उनमें नया उत्साह देखने को मिला।

परेड ग्राउंड की जगह मिला बन्नू मैदान

वीरेंद्र बिष्ट ने दावा किया कि कांग्रेस ने पहले परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अनुमति ली थी और निर्धारित शुल्क भी जमा कराया था, लेकिन वह स्थान नहीं दिया गया। इसके बाद पार्टी को शहर से दूर बन्नू मैदान में कार्यक्रम आयोजित करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है।