ओमान तट के पास भारतीय कमर्शियल जहाज पर हमला, 13 क्रू मेंबर सुरक्षित, एक लापता

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच समुद्र में एक बार फिर भारतीय कमर्शियल जहाज को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है। ओमान के तट के पास भारतीय जहाज MT El Gaia पर हमला हुआ। घटना के समय जहाज पर 14 क्रू मेंबर सवार थे और सभी भारतीय नागरिक थे। इनमें से 13 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक क्रू मेंबर अभी लापता है। उसकी तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

भारत ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पश्चिम एशिया में तनाव को तत्काल कम करने और क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है।

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि ओमान के तट के पास हुए इस हमले के बाद भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और बचाव अभियान में उनके साथ समन्वय कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने में मदद के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार भी जताया है। मंत्रालय के मुताबिक, 14 भारतीय क्रू मेंबर में से 13 को अब तक बचाया जा चुका है, जबकि एक लापता व्यक्ति की तलाश जारी है।

कमर्शियल जहाजों और नाविकों की सुरक्षा पर जोर

विदेश मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव को जल्द से जल्द कम करने के प्रयास किए जाने चाहिए। भारत ने स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों, नाविकों, आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना स्वीकार्य नहीं है।

भारत ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित और स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। मंत्रालय ने अपील की कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर व्यापार और जहाजों की आवाजाही जल्द से जल्द सामान्य होनी चाहिए।

BRICS सम्मेलन में भी उठी थी नाविकों की सुरक्षा की बात

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब नई दिल्ली में BRICS सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण समुद्री मार्गों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सम्मेलन के दौरान समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नाविकों की मदद के लिए एक विशेष व्यवस्था बनाने की जरूरत पर जोर दिया था।

सरकार के अनुसार, पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद मारे गए 16 नाविकों में 10 भारतीय नागरिक शामिल हैं।

PM मोदी ने ‘सीफेयरर्स इमरजेंसी सपोर्ट नेटवर्क’ का दिया सुझाव

शनिवार को BRICS सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक और क्षेत्रीय संकटों के बीच जोखिम में काम कर रहे नाविकों की सुरक्षा के लिए ‘सीफेयरर्स इमरजेंसी सपोर्ट नेटवर्क’ बनाने का सुझाव दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नाविक अंतरराष्ट्रीय व्यापार को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन संकट की स्थिति में उन्हें पर्याप्त सहायता नहीं मिल पाती। प्रस्तावित नेटवर्क के जरिए समुद्री अधिकारियों और राजनयिक मिशनों को जोड़ा जा सकेगा।

इस व्यवस्था का उद्देश्य संकट की चेतावनी जारी करने, मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने, नाविकों के परिवारों तक जानकारी पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद करना होगा।

होर्मुज को लेकर ईरान और ओमान में बनी सहमति

मध्य पूर्व में तनाव के बीच एक सकारात्मक घटनाक्रम भी सामने आया है। ईरान और ओमान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में प्रवेश और निकास के लिए नए समुद्री मार्गों को लेकर सहमत हुए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि दोनों देशों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए नए एंट्री और एग्जिट रूट को लेकर सहमति बनी है। इससे क्षेत्र में समुद्री यातायात और कमर्शियल शिपिंग को सुरक्षित बनाने की दिशा में उम्मीद जगी है।