Advertisement

विजय के शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला, बोले- DMK को दिया धोखा

बेंगलुरु/चेन्नई। तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। पीएम मोदी ने कांग्रेस को “विश्वासघाती” बताते हुए आरोप लगाया कि सत्ता के लिए पार्टी ने अपने लंबे समय के सहयोगी DMK को छोड़ दिया।

कर्नाटक के बेंगलुरु में बीजेपी कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और DMK के बीच पिछले 25 से 30 वर्षों से मजबूत राजनीतिक संबंध रहे हैं और कई बार DMK ने कांग्रेस को संकट से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “2014 से पहले केंद्र में 10 साल तक कांग्रेस की सरकार रहने का बड़ा श्रेय DMK को जाता है। लेकिन जैसे ही राजनीतिक परिस्थितियां बदलीं, कांग्रेस ने उसी सहयोगी को धोखा दे दिया, जिसने हमेशा उसका साथ दिया था।”

उन्होंने आगे कहा कि सत्ता के लालच में कांग्रेस ने पहला मौका मिलते ही DMK को “छुरा घोंप दिया” और अब राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने के लिए नई पार्टी का सहारा ले रही है।

पीएम मोदी ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय आंतरिक विवादों में उलझी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री कितने समय तक पद पर बने रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने केरल कांग्रेस की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं से वादे करती है और बाद में उन्हें पूरा नहीं करती। उन्होंने छत्तीसगढ़, राजस्थान और कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि अब यही स्थिति केरल में भी देखने को मिल सकती है।

इस बीच पीएम मोदी ने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री विजय को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने पर सी. जोसेफ विजय को हार्दिक बधाई। उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं। केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी।”

गौरतलब है कि अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कझगम (TVK) ने 2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए सरकार बनाई है। विजय की जीत को राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।