मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं और यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत जानकारी भी ली।
नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को राहत और पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देशन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए महज 12 घंटे में एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण पूरा कर लिया। इसके बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था जल्द सामान्य हो सकी और स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानी से राहत मिली।
मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर पुनर्निर्माण कार्य में लगी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों, अभियंताओं और कार्मिकों के त्वरित एवं समर्पित कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई कर आमजन को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए।















