अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हमलों से रूस नाराज, रूसी दूतावास ने नागरिकों की मौत पर जताई चिंता

काबुल। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच रूस ने पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों पर गंभीर चिंता जताई है। अफगानिस्तान स्थित रूसी दूतावास ने सीमा पार सैन्य कार्रवाई की आलोचना करते हुए आम नागरिकों, खासकर बच्चों के मारे जाने और घायल होने पर चिंता व्यक्त की है।

रूसी दूतावास ने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी सैन्य टकराव का सबसे गंभीर असर आम लोगों पर पड़ रहा है। दूतावास ने विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

हेलमंद और कुनार में हवाई हमलों की आलोचना

रूसी दूतावास के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात अफगानिस्तान के हेलमंद और कुनार प्रांतों में हवाई हमले किए गए। इन हमलों में बच्चों समेत कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की जानकारी सामने आई है।

मॉस्को की ओर से यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान की पश्चिमी सीमा पर उसकी सैन्य गतिविधियों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। रूस ने कहा कि लगातार हो रही सैन्य कार्रवाइयों का असर न केवल दोनों देशों के नागरिकों पर पड़ रहा है, बल्कि इससे दक्षिण और मध्य एशिया में क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ने की आशंका भी है।

अफगानिस्तान ने 9 लोगों की मौत का दावा किया

अफगान सरकार के मुताबिक, पाकिस्तानी हवाई हमलों में कम से कम 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं। अफगान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी।

उनके अनुसार, हमलों में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया और कुनार तथा हेलमंद प्रांतों में तीन घर पूरी तरह नष्ट हो गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए गए हैं।

अफगान सरकार ने इन हमलों को गंभीर सैन्य आक्रामकता बताते हुए पाकिस्तान की कार्रवाई की निंदा की है।

पाकिस्तान पर संप्रभु क्षेत्र में हमले का आरोप

अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर बिना अनुमति अफगानिस्तान के क्षेत्र में हवाई हमले करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई को अफगान सरकार आक्रामकता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार किए गए सिद्धांतों का उल्लंघन मानती है।

अफगान पक्ष का कहना है कि सीमा विवाद और दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान पहले भी अफगान क्षेत्र में हवाई कार्रवाई कर चुका है।

पहले भी हो चुके हैं हवाई हमले

रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के हमलों से कुछ दिन पहले भी अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों में पाकिस्तानी हवाई हमलों में तीन नागरिकों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी।

लगातार हो रही सैन्य कार्रवाई के कारण दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। अफगानिस्तान जहां इन हमलों को अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बता रहा है, वहीं रूस ने भी नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

रूसी दूतावास के बयान के बाद अब इस पूरे घटनाक्रम पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर और बढ़ गई है। दोनों देशों के बीच जारी सैन्य टकराव से क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को लेकर भी चिंताएं गहरा रही हैं।