अगले 15 दिन मैदान में उतरेंगे दोनों मंडलायुक्त, मतदाता सूची पुनरीक्षण की होगी सघन जांच

देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से जुड़े आवेदनों की जांच को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दोनों मंडलायुक्तों को आगामी 15 दिनों तक आवंटित जिलों में कैंप कर फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत आयुक्त कुमाऊं नैनीताल और ऊधमसिंह नगर, जबकि आयुक्त गढ़वाल देहरादून और हरिद्वार में कैंप करेंगे।

अधिक आवेदन वाले बूथों पर होगी विशेष निगरानी

फील्ड विजिट के दौरान मंडलायुक्त विशेष रूप से उन बूथों का सत्यापन करेंगे, जहां मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।

इसके साथ ही जिलाधिकारी भी बूथों का औचक निरीक्षण कर रेंडम फील्ड विजिट और सुपर चेकिंग करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन बूथों पर फॉर्म-6 के आवेदन 4 प्रतिशत से अधिक और फॉर्म-7 के आवेदन 2 प्रतिशत से अधिक हैं, वहां संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) आवेदनों का क्रॉस वेरिफिकेशन करें।

फॉर्म-6, 7 और 8 का समय पर हो निस्तारण

बैठक में सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) को फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के तहत प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर उनका समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि दावे और आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए फील्ड स्तर पर सत्यापन को प्राथमिकता दी जाए।