Advertisement

धामी सरकार के सेवा शिविरों को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन, अब तक 3.77 लाख से अधिक लोग लाभान्वित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्यभर में चलाए जा रहे सेवा एवं जागरूकता अभियान लगातार जनसमर्थन हासिल कर रहे हैं। सरकार की सक्रिय नीतियों और प्रभावी क्रियान्वयन के चलते विभिन्न जिलों में आयोजित किए जा रहे कैंपों के माध्यम से बड़ी संख्या में नागरिकों को सीधे सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, आज प्रदेश में 14 कैंपों का आयोजन किया गया, जिनमें 6,368 नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त किया। यह सहभागिता राज्य में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाती है।

अद्यावधि (अब तक) की बात करें तो मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में कुल 474 सेवा शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। इन शिविरों के माध्यम से अब तक 3,77,358 नागरिक विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं से लाभान्वित हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से न केवल सरकारी सेवाओं का त्वरित निस्तारण हो रहा है, बल्कि जनता को सरकार से सीधे जुड़ने का अवसर भी मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे अभियानों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यापक बनाया जाए, ताकि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंच सके।

सरकार का मानना है कि इन सेवा शिविरों की सफलता राज्य में सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजित हो रहे ये कैंप आम नागरिकों के लिए राहत और सुविधा का माध्यम बन रहे हैं।