भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शुक्रवार को उनके पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया। वे चौथे चरण के कैंसर से जूझ रहे थे और ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से बीमारी से संघर्ष कर रहे खानचंद सिंह ने शुक्रवार को अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
रिंकू सिंह अपने पिता की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ पहुंचे। उन्होंने अपने पिता के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और अंतिम संस्कार की सभी रस्में निभाईं। पिता की अर्थी को कंधा देते हुए उनका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे बेहद भावुक नजर आ रहे हैं।
रिंकू सिंह के पिता के निधन पर कई दिग्गजों ने दुख व्यक्त किया है।
राजीव शुक्ला ने कहा, “रिंकू सिंह के पिता के निधन की खबर बेहद दुखद है। वह एक साल से बीमार थे। उन्होंने अपनी जिंदगी में काफी संघर्ष किया। रिंकू भी काफी परेशान हैं। मैं उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी शोक जताते हुए कहा, “रिंकू के पिता के निधन की दिल दहला देने वाली खबर है। ऐसे समय में शब्द कम पड़ जाते हैं। इस कठिन समय में मैं उनके और उनके परिवार के साथ खड़ा हूं।”
वहीं पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा, “रिंकू सिंह के पिता श्री खानचंद सिंह जी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। टी20 विश्व कप के दौरान अपनी जिम्मेदारियों के बीच यह उनके लिए बेहद कठिन समय है। मेरी प्रार्थनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”
रिंकू सिंह इस समय टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। ऐसे मुश्किल वक्त में भी उन्होंने अपने पारिवारिक कर्तव्य निभाते हुए पिता को अंतिम विदाई दी। खेल जगत और प्रशंसकों ने इस कठिन समय में उनके प्रति संवेदना व्यक्त की है।















