नई दिल्ली। उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे की दोहरी मार झेल रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। लोगों को बेहद सतर्क रहने और केवल जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कोहरे के कारण शहरों की रफ्तार थम गई है और हाईवे व एक्सप्रेसवे पर वाहन बेहद धीमी गति से चल रहे हैं।
मौसम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि 19 और 20 दिसंबर को पंजाब, उत्तराखंड और बिहार में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है। अगले दो से तीन दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे विजिबिलिटी कम होने, यात्रा में देरी और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने वाहन चालकों को धीरे वाहन चलाने, हेडलाइट और फॉग लाइट का उपयोग करने, गैर-जरूरी यात्राओं से बचने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
19 से 21 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा पंजाब, उत्तराखंड और बिहार में भी 19 और 20 दिसंबर को कोहरे का असर रहेगा। विजिबिलिटी अचानक कम होने से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, आगरा, इटावा, औरैया, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर समेत आसपास के इलाकों में बेहद घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में गुरुवार को इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री कम 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। इससे पहले 4 दिसंबर को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय घने कोहरे की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह आंशिक बादल और कई जगहों पर मध्यम से घना कोहरा छा सकता है, जबकि शाम और रात में धुंध या हल्का कोहरा रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से ठंड और कोहरे से बचाव के लिए एहतियात बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।














