Advertisement

रोहड़ू में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में हवाई फायरिंग से महिला की मौत, खुशियां मातम में बदलीं

शिमला। Rohru के कुलगांव क्षेत्र में एक धार्मिक समारोह के दौरान हुई लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बीच की गई हवाई फायरिंग में 26 वर्षीय महिला की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कुलगांव में देवता शालू महाराज के नवनिर्मित मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान चल रहा था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और माहौल उत्सवपूर्ण था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उत्साह और दिखावे में आकर हवाई फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली एक गोली जिगहा गांव की महिला को जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतका की पहचान 26 वर्षीय रितिका बेतिया के रूप में हुई है, जो दो बच्चों की मां थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम में कई लोग हथियारों के साथ मौजूद थे, जिसके चलते अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देव अनुष्ठानों में पारंपरिक रूप से देवलू तलवार, डांगरू और खुखरी जैसे हथियारों के साथ नृत्य करते हैं। हालांकि, कुछ लोग खुशी जाहिर करने के लिए हवाई फायरिंग जैसी खतरनाक हरकत भी कर बैठते हैं, जो इस बार एक बड़ी त्रासदी का कारण बन गई।

प्रशासन और समाज के जिम्मेदार लोगों ने अपील की है कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में परंपराओं के साथ-साथ सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।