Karnataka News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय की कैंटीन में ही खाद्य सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं। मागडी रोड स्थित आरोग्य सौधा की कैंटीन में स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी की तो वहां साफ-सफाई से लेकर खाद्य पदार्थों के रखरखाव तक कई गंभीर खामियां सामने आईं। जांच के दौरान एक्सपायर्ड इडली रवा और नारियल पाउडर भी बरामद हुआ।
स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग की टीम जब कैंटीन में पहुंची तो किचन में साफ-सफाई का अभाव मिला। खाद्य पदार्थ तैयार करने के दौरान जरूरी हाइजीन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। जिस कैंटीन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी खाना खाते हैं, वहीं स्वच्छता के मानकों की अनदेखी सामने आने से सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच के दौरान कैंटीन में कई एक्सपायर्ड फूड प्रोडक्ट्स मिले। इनमें इडली रवा और नारियल पाउडर शामिल थे। हैरानी की बात यह है कि एक्सपायर हो चुके इन खाद्य पदार्थों को कैंटीन से हटाया नहीं गया था। अगर इनका इस्तेमाल खाना बनाने में किया जाता तो लोगों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ सकता था।
टीम को खाद्य उत्पादों के स्टोरेज में भी कमियां मिलीं। कैंटीन में खाद्य पदार्थों को रखने के दौरान FSSAI के निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा कैंटीन में नियमित पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था भी नहीं थी।
छापेमारी के दौरान कैंटीन में कीड़े-मकौड़े भी नजर आए। पेस्ट कंट्रोल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के बावजूद किचन में खाना तैयार किया जा रहा था। इससे खाद्य सुरक्षा और वहां खाना खाने वाले लोगों की सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दर्ज किया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब कर्नाटक में होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी जांच अभियान चलाया जा रहा है। खराब खाने और साफ-सफाई की शिकायतों के बाद राज्य में निरीक्षण के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।















