गढ़वाल क्षेत्र के लिए बुधवार का दिन दोहरी खुशखबरी लेकर आया। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। पहली, 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी और दूसरी, लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर अधिकांश श्रेणी के वाहनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। शुरुआती चरण में यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में इसका संचालन सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के रूप में प्रसिद्ध रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। नई रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही देशभर से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु कॉर्बेट नेशनल पार्क तथा उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है।
सांसद ने दूसरी बड़ी उपलब्धि के रूप में बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों को लेकर बनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। इसके बाद इस मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन की अनुमति मिल गई है।
अब इस मार्ग पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर और भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहन भी संचालित हो सकेंगे। इस फैसले से क्षेत्र के हजारों लोगों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सांसद ने कहा कि धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद ये दोनों फैसले गढ़वाल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उनका मानना है कि इससे पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और जनसुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र की परिवहन संबंधी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा।












