पहाड़ों पर उमड़ा सैलानियों का सैलाब, सड़कों पर लगा लंबा जाम

गर्मी से राहत पाने पहाड़ों की ओर उमड़े पर्यटक, शिमला में 72 घंटे में पहुंचे 70 हजार वाहन

उत्तर और पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और लू से बचने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर शिमला में देखने को मिल रहा है, जहां पिछले 72 घंटों के भीतर रिकॉर्ड 70 हजार वाहन पहुंच चुके हैं।

अधिकारियों के अनुसार पिछले 24 दिनों में शिमला आने वाले वाहनों की संख्या 6 लाख 31 हजार तक पहुंच गई है। आमतौर पर हिमाचल प्रदेश में पीक टूरिस्ट सीजन जून के पहले सप्ताह से शुरू होता है, लेकिन इस बार पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण लोगों ने समय से पहले ही पहाड़ों का रुख कर लिया है।

‘पहाड़ों की रानी’ कहलाने वाला शिमला पर्यटकों की भारी भीड़ से पूरी तरह भर चुका है। शहर की प्रमुख सड़कों पर लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है और कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं।

पुलिस और प्रशासन ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। साथ ही पर्यटकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की गई है।