Advertisement

पेपर लीक मामलों पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

देहरादून। गणेश गोदियाल ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को युवाओं के भविष्य पर गंभीर आघात बताते हुए केंद्र सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को पत्र भेजकर परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया कमेटी के चेयरमैन राजीव महर्षि ने जानकारी देते हुए बताया कि पत्र में कहा गया है कि देश की प्रमुख चिकित्सा प्रवेश परीक्षा NEET सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक, सॉल्वर गैंग और अन्य अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्षों की मेहनत, आर्थिक संसाधनों और मानसिक दबाव के बीच तैयारी करने वाले छात्रों के साथ इस प्रकार की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आना गंभीर चिंता का विषय है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा की गोपनीयता सुरक्षित नहीं रहेगी तो मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रों का मनोबल टूटना स्वाभाविक है। सरकार और परीक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से मांग की कि NEET पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं की सर्वोच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस ने परीक्षा केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी मॉनिटरिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और स्वतंत्र निगरानी तंत्र लागू करने की भी मांग की है। इसके अलावा प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यकता पड़ने पर पुनः परीक्षा आयोजित करने तथा भविष्य में पेपर लीक रोकने हेतु राष्ट्रीय स्तर पर सख्त कानून बनाने की मांग भी उठाई गई है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और चाहती है कि प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ आयोजित हों, ताकि युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली पर विश्वास बना रहे।