नई दिल्ली। उद्योगपति Anil Ambani की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। Central Bureau of Investigation (CBI) ने उनके खिलाफ एक बड़े बैंकिंग और निवेश घोटाले में नई FIR दर्ज की है। इस मामले में Reliance Communications, उसके पूर्व चेयरमैन अनिल अंबानी और कुछ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
CBI के मुताबिक, यह मामला Life Insurance Corporation of India (LIC) के साथ कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है। आरोप है कि LIC को करीब 3750 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है।
दरअसल, LIC ने रिलायंस कम्यूनिकेशंस द्वारा जारी किए गए सिक्योर्ड नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) में कुल 4500 करोड़ रुपये का निवेश किया था—
3000 करोड़ रुपये (2009)
1500 करोड़ रुपये (2012)
लेकिन इस निवेश में से अब तक 3750 करोड़ रुपये की रकम बकाया बताई जा रही है।
CBI द्वारा दर्ज FIR के अनुसार, यह मामला LIC के रीजनल मैनेजर (लीगल) मनोज कुमार तेजन की शिकायत पर दर्ज किया गया है। आरोप है कि निवेश प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी की गई और जानबूझकर LIC को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
जांच एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में कुछ अज्ञात सरकारी अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध हो सकती है। CBI अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि निवेश कैसे डूबा और इसके पीछे कौन-कौन जिम्मेदार हैं।
यह मामला देश के वित्तीय और कॉर्पोरेट सेक्टर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब सबकी नजर CBI की जांच पर है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि इस कथित घोटाले के पीछे असल जिम्मेदार कौन हैं।














