न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित विश्व प्रसिद्ध एम्पायर स्टेट बिल्डिंग में बुधवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। एक कपल बिना अनुमति और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए इमारत के करीब 1,454 फीट (443 मीटर) ऊंचे एंटेना तक पहुंच गया। वहां दोनों ने ‘प्यार की ताकत’ का संदेश लिखे एक बैनर को लहराया और रोमांटिक अंदाज में तस्वीरें भी खिंचवाईं। नीचे उतरने के कुछ देर बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ने काले कपड़े और मास्क पहन रखे थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उन्होंने चढ़ाई के दौरान किसी सुरक्षा रस्सी का इस्तेमाल नहीं किया।
उन्होंने एंटेना पर जो बैनर लगाया, उस पर लिखा था—
“When the power of love beats the love of power, the world knows peace.”
यानी, “जब प्यार की ताकत, सत्ता के प्यार पर भारी पड़ती है, तब दुनिया में शांति आती है।”
हवा में लहराते इस बैनर ने नीचे मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों एंटेना से नीचे उतरने लगे। लोहे के ढांचे पर सावधानी से चलते हुए वे एक चौड़े प्लेटफॉर्म तक पहुंचे, जहां युवक घुटनों के बल बैठ गया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया, किस किया और ऊंचाई पर ही सेल्फी ली। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में सगाई की अंगूठी भी दिखाई दी।
घटना के दौरान एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के बाहर मौजूद पर्यटक इस दृश्य को देखकर हैरान रह गए। स्कॉटलैंड के ग्लासगो से आए पर्यटक जोनाथन रोमन ने इसे “फिल्म जैसा नजारा” बताया। उन्होंने कहा कि वह अपने 15 वर्षीय बेटे के साथ ऑब्जर्वेशन डेक जाने वाले थे, लेकिन घटना के कारण इमारत को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया।
वहीं, बिल्डिंग में काम करने वाली जेसिका कैपलन ने सवाल उठाया कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद दोनों प्रतिबंधित एंटेना तक कैसे पहुंच गए।
दोपहर करीब एक बजे न्यूयॉर्क पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान 33 वर्षीय एंजेला निकोलाउ और 32 वर्षीय इवान कुजनेत्सोव के रूप में हुई है। दोनों न्यू जर्सी के रहने वाले हैं और सोशल मीडिया पर खतरनाक ऊंची इमारतों पर चढ़ने वाले स्टंट वीडियो के लिए जाने जाते हैं।
पुलिस ने दोनों पर अवैध रूप से प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश, दूसरों की जान खतरे में डालने और संपत्ति से जुड़े नियमों के उल्लंघन सहित कई आरोप लगाए हैं।
बताया गया है कि एंजेला निकोलाउ ने इस स्टंट की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा की हैं। तस्वीरों में न्यूयॉर्क शहर का विहंगम दृश्य और सगाई की अंगूठी भी नजर आ रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था को पार कर एंटेना तक कैसे पहुंचने में सफल रहे।
एंजेला निकोलाउ और इवान कुजनेत्सोव की कहानी नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री ‘Skywalkers: A Love Story’ में भी दिखाई जा चुकी है। इसमें दोनों को ऐसे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के रूप में दिखाया गया है, जो दुनिया की ऊंची इमारतों पर चढ़कर रोमांचक स्टंट करते हैं।
पूर्व एफबीआई अधिकारी एंड्रयू मैककेब ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इस तरह के स्टंट न केवल संबंधित लोगों की जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी बड़ी चुनौती पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि कोई और इस तरह की खतरनाक हरकत दोहराने की कोशिश न करे।














