देहरादून। उत्तराखण्ड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत कार्यरत बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) को मोबाइल डाटा रिचार्ज के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से ₹350 की धनराशि प्रदान की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की विशेष पहल पर प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ को यह राशि उपलब्ध कराने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके तहत 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरित करेंगे तथा भरे हुए प्रपत्र एकत्रित करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान प्राप्त गणना प्रपत्रों को “बीएलओ ऐप” के माध्यम से डिजिटल स्वरूप में अपलोड किया जाएगा। चूंकि पूरी प्रक्रिया में मोबाइल इंटरनेट का व्यापक उपयोग किया जाना है, इसलिए यह सुनिश्चित करने के लिए कि किसी भी बीएलओ को डाटा की कमी का सामना न करना पड़े, आयोग ने एक माह के मोबाइल रिचार्ज प्लान हेतु ₹350 की राशि देने का निर्णय लिया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यह कदम विशेष पुनरीक्षण अभियान को सुचारु, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने में सहायक होगा। इससे बीएलओ को डिजिटल कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी और मतदाता सूची के अद्यतन एवं सत्यापन की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बन सकेगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रदेश की मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और अधिक विश्वसनीय बनाना है, ताकि भविष्य में होने वाले चुनावों के लिए शुद्ध मतदाता डाटाबेस उपलब्ध हो सके।











