मराठी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कपल आदिनाथ कोठारे और उर्मिला कानिटकर ने शादी के करीब 15 साल बाद अलग होने का फैसला किया है। दोनों ने 16 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर एक संयुक्त बयान जारी कर बताया कि उन्होंने आपसी सहमति से अपने रिश्ते को खत्म करने का निर्णय लिया है।
दोनों ने कहा कि काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने सौहार्दपूर्ण तरीके से अलग होने का फैसला लिया है। हालांकि, उनकी बेटी जिझा उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी और वे मिलकर उसकी परवरिश करेंगे, ताकि उसे प्यार, सुरक्षा और सहयोग से भरा माहौल मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि वे एक-दूसरे और साथ बिताए वर्षों का सम्मान करते हैं। साथ ही मीडिया और प्रशंसकों से इस कठिन समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की। दोनों ने स्पष्ट किया कि इस मामले पर यही उनका एकमात्र आधिकारिक बयान होगा।
आदिनाथ और उर्मिला के रिश्ते में अनबन की खबरें पिछले कई महीनों से सामने आ रही थीं। साल 2025 के अंत में ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं कि दोनों अलग रह रहे हैं। हालांकि उस समय किसी ने भी इन खबरों पर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया नहीं दी थी। उर्मिला ने एक इंटरव्यू में केवल इतना कहा था कि सोशल मीडिया पर फैली हर बात पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
दोनों की मुलाकात साल 2006 में फिल्म ‘शुभ मंगल सावधान’ के सेट पर हुई थी। यह फिल्म उर्मिला की डेब्यू फिल्म थी और इसका निर्देशन आदिनाथ के पिता महेश कोठारे ने किया था। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और साल 2011 में दोनों ने शादी कर ली। साल 2018 में उनके घर बेटी जिझा का जन्म हुआ।
उर्मिला ने ‘दुनियादारी’, ‘मला आई व्हायचं!’ और ‘ती सध्या काय करते’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है, जबकि आदिनाथ कोठारे अभिनेता और निर्देशक दोनों के रूप में मराठी सिनेमा का जाना-माना नाम हैं।
निजी जीवन में बदलाव के बावजूद आदिनाथ कोठारे अपने करियर में व्यस्त हैं। वह नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में भरत की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इसके अलावा वह हंसल मेहता की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गांधी टॉक्स’ का भी हिस्सा हैं।














