देशभर में बढ़ी गर्मी, कई राज्यों में पारा 40 के पार; IMD ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली। देशभर में गर्मी ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आधा अप्रैल बीतते ही दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ने लगा है, जिससे अब रात में भी पंखे और कूलर चलने लगे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों में अधिकांश राज्यों में अधिकतम तापमान 3 से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कई शहरों में तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया है। आने वाले दिनों में यहां तापमान में और 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ लू चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं हरियाणा में भी हालात तेजी से बदल रहे हैं। सोमवार को राज्य के 19 शहरों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। अगले 7 दिनों में यहां 4-6 डिग्री तक और वृद्धि हो सकती है।

राजधानी दिल्ली में अगले 5 दिनों के दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। IMD के अनुसार, अधिकतम तापमान 4-5 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो जाएगा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी 3-4 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है, जिससे रातें भी गर्म महसूस होंगी।

दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम फिलहाल सुहावना बना हुआ है। श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जबकि अधिकतर जगहों पर सुबह-शाम ठंडक बनी रहेगी। उत्तराखंड में 16 अप्रैल से कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।

सिक्किम, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होने की संभावना है, ऐसे में सतर्क रहना जरूरी है।