जनपद के ग्राम चकोन स्थित महावीर गंगाडी के पिरूल प्लांट में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद फायर सर्विस की टीम ने आग पर काबू पाया।
आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार आग में प्लांट में लगी एक मशीन, बड़ी मात्रा में रखा पिरूल पाउडर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक प्लांट संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग आसपास के क्षेत्रों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और फायर विभाग की टीमें लगातार मौके पर डटी रहीं।
प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या प्लांट में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया था। उन्होंने कहा कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि फायर सर्विस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टाल दिया गया।
















