योग गुरु बाबा रामदेव और बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच चल रही नाराजगी अब खत्म हो गई है। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई, जिसके बाद उन्होंने कहा कि आपसी गलतफहमियां दूर हो गई हैं और अब कोई विवाद नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, बाबा रामदेव और बृजभूषण शरण सिंह ने मुलाकात के दौरान एक-दूसरे के साथ समय बिताया। इस दौरान दोनों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए तस्वीरें भी सामने आईं। मुलाकात के बाद दोनों ने गलतफहमियां दूर होने पर एक-दूसरे का आभार जताया।
बाबा रामदेव ने वापस लिया मानहानि का मुकदमा
बाबा रामदेव ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह ने कुछ बातें सुनी-सुनाई जानकारी के आधार पर कही थीं। मुलाकात के दौरान बातचीत हुई तो स्थिति स्पष्ट हो गई और गलतफहमी दूर हो गई।
इसी के साथ बाबा रामदेव ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दायर मानहानि का मुकदमा वापस लेने की बात भी कही है। दोनों पक्षों की ओर से अब विवाद खत्म होने की बात कही गई है।
पतंजलि को लेकर भी रामदेव ने दी सफाई
इससे पहले बुधवार को बाबा रामदेव ने पतंजलि के उत्पादों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि पतंजलि का गाय का घी और उसकी कोई भी दवा नकली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ महीनों में पतंजलि के खिलाफ कई तरह की भ्रांतियां फैलाई गईं।
रामदेव ने इसी दौरान बृजभूषण शरण सिंह के पुराने बयानों का भी जिक्र किया और कहा कि उनके साथ हुई मुलाकात के बाद सारी गलतफहमियां दूर हो गई हैं।















