उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री और इंटक (इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति और कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे हीरा सिंह बिष्ट ने देर रात अंतिम सांस ली।

परिजनों के अनुसार, रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल ईस्ट कैनाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हीरा सिंह बिष्ट उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे। उत्तराखंड गठन के बाद एन.डी. तिवारी सरकार में उन्होंने परिवहन, श्रम और तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। उन्हें कांग्रेस का जमीनी नेता माना जाता था और श्रमिकों, कर्मचारियों तथा मलिन बस्तीवासियों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को हमेशा याद किया जाएगा।

उन्होंने कई वर्षों तक इंटक के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए श्रमिक हितों की आवाज बुलंद की। पार्टी संगठन में उनका महत्वपूर्ण स्थान था और वे राज्य गठन से पहले तथा बाद में कांग्रेस के विभिन्न अहम पदों पर जिम्मेदारियां निभाते रहे। उनका पूरा सार्वजनिक जीवन जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और कांग्रेस की विचारधारा को समर्पित रहा।

उनके निधन की खबर मिलते ही सेवक आश्रम रोड स्थित उनके आवास पर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया। परिवार के करीबी लोगों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार देहरादून के नालापानी श्मशान घाट में किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का निधन कांग्रेस परिवार, उत्तराखंड की राजनीति और श्रमिक आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि बिष्ट हमेशा गरीबों, मजदूरों, कर्मचारियों और वंचित वर्ग की आवाज बनकर खड़े रहे तथा उनका जनसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और श्रमिक संगठनों ने भी शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।