अमेरिकी हिरासत से निकोलस मादुरो की पहली तस्वीर आई सामने, हाथ में दिखाया विक्ट्री साइन; जानें क्या लिखा संदेश

वॉशिंगटन। वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिकी हिरासत में रहने के बाद पहली बार अपनी तस्वीरें सार्वजनिक की हैं। मादुरो ने 30 अगस्त को सोशल मीडिया पर दो तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह ग्रे रंग का ट्रैकसूट और सफेद जूते पहने नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में वह मुस्कुराते हुए दोनों हाथों से विक्ट्री साइन दिखा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि तस्वीरें न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर की हैं, जहां मादुरो हिरासत में हैं। हालांकि, ये तस्वीरें हाल की नहीं हैं। तस्वीरों पर मौजूद टाइमस्टैम्प के मुताबिक इन्हें 25 जून 2026 को लिया गया था और करीब दो महीने बाद 30 अगस्त को सार्वजनिक किया गया।

मादुरो ने परिवार और समर्थकों के लिए लिखा संदेश

तस्वीरें साझा करते हुए मादुरो ने अपने पोते-पोतियों, बच्चों और समर्थकों के नाम संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि वह इन तस्वीरों को अपने परिवार और उन्हें प्यार करने वाले लोगों के लिए एक छोटे से उपहार के तौर पर साझा कर रहे हैं।

मादुरो ने अपने संदेश में कहा कि वह और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस मजबूती से डटे हुए हैं। उन्होंने समर्थकों को उनके प्यार, दुआओं और एकजुटता के लिए धन्यवाद दिया।

मादुरो ने यह भी कहा कि वह और उनके समर्थक मजबूत, शांत और आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि वेनेजुएला फिर से मजबूती से खड़ा होगा।

तस्वीरों में कैसे नजर आ रहे हैं मादुरो?

तस्वीरों में मादुरो एक साधारण दीवार के सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं। एक तस्वीर में उन्होंने चश्मा पहन रखा है और दोनों हाथों से विक्ट्री साइन बनाया है। दूसरी तस्वीर में वह एक हाथ में चश्मा पकड़े हुए हैं और दूसरे हाथ से विक्ट्री साइन करते नजर आ रहे हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, मादुरो पहले की तस्वीरों की तुलना में कुछ पतले दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि ये तस्वीरें जून में फादर्स डे वाले सप्ताह के दौरान ली गई थीं।

जनवरी में अमेरिकी ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए थे मादुरो

निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को जनवरी 2026 में काराकस में अमेरिकी सैन्य अभियान के दौरान हिरासत में लिया गया था और बाद में अमेरिका ले जाया गया। इसके बाद से उन्हें ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

अमेरिका में मादुरो पर ड्रग तस्करी और हथियारों से जुड़े अपराधों समेत कई संघीय आरोप लगाए गए हैं। मादुरो इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं और अपनी हिरासत को गैरकानूनी बताते रहे हैं।

रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी संघीय अदालत ने उनके मामले की सुनवाई 1 जून 2027 के लिए निर्धारित की है। हिरासत में रहने के बावजूद मादुरो ने अपने राजनीतिक रुख को कायम रखा है।