कृषि विभाग में 12 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र, पारदर्शी भर्ती पर जोर

उत्तराखंड। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में मानचित्रक पद पर चयनित 12 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति राज्य की कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अभ्यर्थी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और लगन के साथ करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इस कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद प्रदेश में अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उत्तराखंड में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, साथ ही मिलेट (श्रीअन्न) के उत्पादन और विपणन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और फसल विविधीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में सेब, कीवी, बागवानी और औषधीय पौधों की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य कृषि को लाभकारी और युवाओं के लिए आकर्षक बनाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस क्षेत्र से जुड़ सकें।

कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सचिव कृषि एस.एन. पाण्डेय, अपर सचिव आनंद श्रीवास्तव सहित कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।