मुंबई। हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्देशक कुकू कोहली के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। 77 वर्ष की उम्र में मंगलवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हो गया। कुकू कोहली ने ही ‘फूल और कांटे’ के जरिए अभिनेता अजय देवगन को बॉलीवुड में लॉन्च किया था। अपने मेंटर के निधन से भावुक अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अजय देवगन ने लिखा भावुक संदेश
अजय देवगन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने मेंटर को याद करते हुए लिखा कि कुछ लोग जिंदगी का रास्ता हमेशा के लिए बदल देते हैं और कुकू कोहली उनके लिए ऐसे ही खास लोगों में से एक थे।
अजय ने कुकू कोहली का उन पर विश्वास जताने के लिए जिंदगी भर आभार व्यक्त किया और लिखा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। संदेश के अंत में उन्होंने ‘ओम शांति’ लिखकर श्रद्धांजलि दी।
‘फूल और कांटे’ ने बदल दी अजय की जिंदगी
कुकू कोहली और अजय देवगन का रिश्ता साल 1991 में रिलीज हुई ‘फूल और कांटे’ से शुरू हुआ था। इसी फिल्म के जरिए कुकू कोहली ने अजय देवगन को बतौर अभिनेता लॉन्च किया था।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई और अजय देवगन रातों-रात स्टार बन गए। फिल्म में दो चलती मोटरसाइकिलों पर खड़े होकर अजय की एंट्री आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार डेब्यू दृश्यों में शामिल की जाती है।
राज कपूर के साथ शुरू किया था फिल्मी सफर
कुकू कोहली ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत महान फिल्मकार राज कपूर के साथ काम करके की थी। इसके बाद उन्होंने सनी देओल और अमृता सिंह की फिल्म ‘बेताब’ में सेकेंड यूनिट डायरेक्टर के तौर पर काम किया।
बाद में उन्होंने ‘फूल और कांटे’ से बतौर निर्देशक अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने अजय देवगन, अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर और नगमा अभिनीत ‘सुहाग’ जैसी सफल फिल्म का निर्देशन किया। उन्होंने ‘हकीकत’, ‘कोहराम’, ‘बादशाह’ और ‘हलचल’ जैसी फिल्मों का भी निर्देशन किया।
परिवार में भी पसरा शोक
कुकू कोहली के निधन से उनका परिवार भी गहरे सदमे में है। वह अपने पीछे पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी तथा पहली शादी से दो बेटियों को छोड़ गए हैं।
कुकू कोहली के निधन के बाद बॉलीवुड की कई हस्तियां उन्हें याद कर रही हैं। एक निर्देशक के तौर पर उन्होंने कई सफल फिल्में दीं, वहीं अजय देवगन जैसे कलाकार के करियर की शुरुआत में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निधन को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।















