दिल्ली में ईद की नमाज आज, जामा मस्जिद में सुबह 6:45 बजे अदा होगी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में शनिवार को ईद की नमाज सुबह 6:45 बजे अदा की जाएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

दिल्ली पुलिस ने मस्जिद और आसपास के इलाकों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं ड्रोन और आधुनिक एआई तकनीक के जरिए पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल भी तैनात किए गए हैं।

प्रशासन ने नमाजियों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखें, ताकि त्योहार को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाया जा सके।