हिमाचल के जवान अनिल का सिलीगुड़ी में निधन, ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से गई जान; परिवार में पसरा मातम

लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। उदयपुर क्षेत्र के कुकमसेरी गांव निवासी और असम रेजिमेंट में तैनात सिपाही अनिल का ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। जवान पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में तैनात थे। बताया जा रहा है कि 23 अगस्त को अचानक हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया।

जवान के निधन की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची, परिवार में मातम छा गया। वहीं, पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

सिलीगुड़ी में तैनात थे सिपाही अनिल

सिपाही अनिल स्वर्गीय हरिदास के पुत्र थे और भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वर्तमान में उनकी तैनाती असम रेजिमेंट के साथ पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में थी। 23 अगस्त को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और हृदय गति रुकने के कारण उनका निधन हो गया।

जवान की मौत की सूचना उनके परिवार को मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पत्नी, बुजुर्ग मां और दो बच्चों को छोड़ गए पीछे

सिपाही अनिल के आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे वृद्ध माता, पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

जवान की मौत से परिवार के साथ-साथ पूरा कुकमसेरी गांव गमगीन है।

आज शाम गांव पहुंच सकता है पार्थिव शरीर

परिजनों के अनुसार, सिपाही अनिल का पार्थिव शरीर बुधवार शाम तक उनके पैतृक गांव कुकमसेरी पहुंचने की संभावना है। गांव में पार्थिव शरीर के पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी अंतिम दर्शन के लिए जुट सकते हैं।

इसके बाद जवान का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है।

क्षेत्रवासियों ने दी श्रद्धांजलि

जवान के निधन की खबर से कुकमसेरी सहित पूरे उदयपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।