कनाडा में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या, भारतीय मूल का आरोपी गिरफ्तार

टोरंटो: कनाडा के टोरंटो शहर में भारतीय मूल की 26 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय मूल के ही 37 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि यह हत्या पूर्व नियोजित थी और घटना में किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है।

टोरंटो पुलिस सर्विस के अनुसार, गोलीबारी की यह घटना शुक्रवार सुबह हम्बरवुड बुलेवार्ड और रेक्सडेल बुलेवार्ड के चौराहे पर हुई। मृतका की पहचान नवनीत कौर के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी की पहचान ब्रैम्पटन निवासी शरणजीत सिंह के रूप में की गई है। आरोपी को ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस ने गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 7:23 बजे गोली चलने की सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां नवनीत कौर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। पैरामेडिकल टीम ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

जांच अधिकारियों के अनुसार, घटना से पहले महिला और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर नवनीत कौर पर गोली चला दी और पुलिस के पहुंचने से पहले घटनास्थल से पैदल फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी शरणजीत सिंह पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर और अदालत द्वारा लगाए गए कानूनी प्रतिबंधों का उल्लंघन करने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच टोरंटो पुलिस की होमिसाइड यूनिट कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह घटना सुनियोजित प्रतीत होती है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि नवनीत कौर सड़क पर पैदल जा रही थीं, तभी एक व्यक्ति उनके पास आया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई और इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर एक गोली चलाई। महिला के गिरते ही गवाह ने तुरंत आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी।

गौरतलब है कि यह घटना कनाडा में भारतीय मूल की महिलाओं से जुड़ी हाल की दूसरी गंभीर हत्या का मामला है। इससे कुछ दिन पहले अल्बर्टा प्रांत की राजधानी एडमोंटन में 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर की कथित तौर पर उनके साथी द्वारा हत्या कर दी गई थी। उस मामले में 22 वर्षीय रितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था और उस पर सेकंड-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने उस घटना को ‘इंटिमेट पार्टनर होमिसाइड’ की श्रेणी में रखा है।