Advertisement

मुख्य सचिव ने जमरानी व सौंग बांध परियोजनाओं की समीक्षा की, समयबद्ध पूर्णता के निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में सिंचाई विभाग द्वारा निर्माणाधीन जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना और सौंग बांध पेयजल परियोजना की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने दोनों महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि दोनों परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक निविदा प्रक्रियाएं एवं अन्य औपचारिकताएं समय रहते पूरी की जाएं। इसके साथ ही संपूर्ण परियोजना का एक विस्तृत फ्लो-चार्ट तैयार कर प्रत्येक चरण को तय समय पर पूरा कराया जाए।

निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए मुख्य सचिव ने आवश्यक सामग्री की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश देते हुए फर्स्ट पार्टी, सेकंड पार्टी और थर्ड पार्टी के माध्यम से नियमित क्वालिटी कंट्रोल और मूल्यांकन सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के पुनर्वास कार्यों को भी समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को मुआवजा, पुनर्वास और आवंटन की प्रक्रिया आपसी तालमेल और विश्वास के साथ पूरी की जाए तथा इसके लिए प्रभावित परिवारों से निरंतर संवाद बनाए रखा जाए।

इस अवसर पर सचिव सिंचाई युगल किशोर पंत ने जानकारी दी कि जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना की कुल लागत ₹3678.23 करोड़ है, जिसे जून 2029 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सौंग बांध परियोजना 130.60 मीटर ऊंची, 150 एमएलडी क्षमता वाली गुरुत्व आधारित पेयजल परियोजना है, जिसकी कुल लागत ₹2524.42 करोड़ है और इसका निर्माण कार्य नवंबर 2029 तक पूरा किया जाएगा।

बैठक में विभागाध्यक्ष सिंचाई सुभाष चंद्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।