नई दिल्ली: ब्लैक सी में एक बार फिर कमर्शियल जहाज को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है। MV ROYAD MAMMADOV नाम के जहाज पर हुए हमले में दो विदेशी क्रू मेंबर्स की मौत हो गई, जबकि जहाज पर मौजूद तीन भारतीय क्रू मेंबर्स सुरक्षित बच गए। हमले के दौरान कुछ क्रू सदस्य घायल भी हुए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए रोमानिया ले जाया गया।
MV ROYAD MAMMADOV पर हुआ हमला
रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक, ब्लैक सी में MV ROYAD MAMMADOV पर हमला हुआ था। घटना के बाद घायल क्रू मेंबर्स को चिकित्सा सहायता के लिए रोमानिया के अस्पताल पहुंचाया गया।
भारतीय दूतावास ने पुष्टि की कि जहाज पर मौजूद तीनों भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। इनमें से एक भारतीय क्रू मेंबर घायल हुआ है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। भारतीय मिशन लगातार अस्पताल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।
अस्पताल पहुंचकर भारतीय राजदूत ने जाना हाल
रोमानिया में भारत के राजदूत मनोज मोहपात्रा ने कॉन्स्टांटा काउंटी अस्पताल में भर्ती तीनों भारतीय नागरिकों से बातचीत की। अस्पताल के चीफ फिजिशियन ने राजदूत को बताया कि सभी भारतीय क्रू मेंबर्स की हालत अच्छी है और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भारतीय मिशन ने कहा है कि वह अस्पताल और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है तथा घायल समेत सभी भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
ब्लैक सी से रेड सी तक बढ़ी समुद्री सुरक्षा की चिंता
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब ब्लैक सी, रेड सी और फारस की खाड़ी जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर कमर्शियल जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं।
समुद्री मार्गों पर होने वाले हमलों का असर केवल जहाजों और उनके चालक दल तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर पड़ने की आशंका रहती है।
UN में जयशंकर ने उठाया था कमर्शियल शिपिंग का मुद्दा
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पिछले सप्ताह 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान कमर्शियल जहाजों और नाविकों पर हो रहे हमलों को लेकर गंभीर चिंता जताई थी।
उन्होंने कहा था कि खाड़ी और लाल सागर से लेकर काले सागर तक कमर्शियल शिपिंग और नाविकों पर हमले हुए हैं। जयशंकर ने समुद्री मार्गों पर नाविकों की जान जाने की घटनाओं को पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करते हुए कमर्शियल शिपिंग रूट्स की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम करने और संयम बरतने की अपील भी की थी, ताकि आम लोगों की सुरक्षा के साथ वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रह सके।
पिछले महीने भी भारतीय जहाज पर हुआ था हमला
समुद्री मार्गों पर भारतीय क्रू की सुरक्षा को लेकर यह पहली चिंता नहीं है। पिछले महीने ओमान तट के पास भारतीय जहाज MT El Gaia को भी हमले का सामना करना पड़ा था।
इस जहाज पर कुल 14 क्रू मेंबर्स सवार थे और सभी भारतीय नागरिक थे। घटना के बाद 13 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि एक सदस्य लापता हो गया था। भारत ने उस हमले की कड़ी निंदा की थी।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर कमर्शियल जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।













