मथुरा। वृंदावन स्थित यमुना नदी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर अचानक पलट गया। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टीमर में करीब 30 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब के लुधियाना से मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए आए थे। स्टीमर श्रृंगार घाट के पास नदी में चल रहा था, तभी वह पीपे के पुल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्टीमर संतुलन खो बैठा और पलट गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए सघन अभियान जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।















