देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के दूसरे दिन प्रदेश की अनेक न्याय पंचायतों में जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से जन-समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया और 23 विभागों की चिन्हित योजनाओं से हजारों पात्र ग्रामीणों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-समस्याओं के समाधान में “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के मूल मंत्र का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से हो और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर न्याय पंचायतों में दोबारा भी शिविर आयोजित किए जाएं।
पौड़ी गढ़वाल
यमकेश्वर ब्लॉक की न्याय पंचायत किमसार के गंगा भोगपुर में आयोजित शिविर में 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां 68 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। 126 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं। राजस्व विभाग ने 70 लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए, जबकि समाज कल्याण, श्रम और अन्य विभागों की योजनाओं से 95 से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिला। बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन और गोद भराई संस्कार भी कराए गए।
चमोली
नन्दागर विकासखंड के मटई गांव और जोशीमठ के उर्गम में आयोजित शिविरों में कुल 369 जन-समस्याओं का निस्तारण किया गया। मटई में 218 में से 198 मामलों का समाधान हुआ, जबकि उर्गम में 256 में से 171 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
हरिद्वार
भगवानपुर ब्लॉक की न्याय पंचायत नौकराग्रांट में आयोजित शिविर में 35 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 20 का तत्काल समाधान किया गया। मनरेगा जॉब कार्ड, श्रमिक कार्ड, पेंशन सत्यापन, प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य परीक्षण और विभिन्न योजनाओं से दर्जनों ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।
उत्तरकाशी
पुरोला ब्लॉक की न्याय पंचायत गुन्दियाटगांव में आयोजित शिविर में 500 से अधिक लोगों ने योजनाओं का लाभ लिया। यहां प्रमाण पत्र बनाए गए, 5.50 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए और कृषि यंत्र, उद्यान कार्ड, स्वास्थ्य सेवाएं व कैरियर काउंसिलिंग उपलब्ध कराई गई।
नैनीताल
न्याय पंचायत मालधनचौड़ और सिरमोली में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। मालधनचौड़ में 79 में से 70 समस्याओं का समाधान किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण, प्रमाण पत्र, आधार सेवाएं, महालक्ष्मी किट, पशुपालन, दुग्ध और सहकारिता विभाग की योजनाओं से सैकड़ों लोगों को लाभ मिला। सिरमोली में भी अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
बागेश्वर
बागेश्वर और कपकोट ब्लॉक की दो न्याय पंचायतों में आयोजित शिविरों में 1000 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ दिया गया। स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और कई विभागों द्वारा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
ऊधमसिंह नगर
न्याय पंचायत बिगराबाग के पंचायत भवन बिरिया में आयोजित शिविर में 6 शिकायतों का निस्तारण किया गया और 210 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान दिव्यांग प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और महिला स्वयं सहायता समूहों को चेक वितरित किए गए।














