तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलागा वेत्री कझगम (TVK) राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि पार्टी अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर सकी, लेकिन अब वामपंथी दलों और सहयोगी पार्टियों के समर्थन से सरकार गठन का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। लेकिन विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीते हैं, ऐसे में उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। इसके बाद पार्टी के पास प्रभावी रूप से 107 विधायक रह जाएंगे। बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है, यानी सरकार बनाने के लिए टीवीके को 11 अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की आवश्यकता थी।
सूत्रों के अनुसार कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) (CPIM) और विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) ने विजय को समर्थन देने पर सहमति जताई है। इन तीनों दलों के पास कुल 6 विधायक हैं। इसके अलावा इंडियन नेशनल कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन भी टीवीके को मिल चुका है। इस तरह टीवीके बहुमत के आंकड़े तक पहुंचती नजर आ रही है।
सूत्रों के मुताबिक CPI की बैठक समाप्त हो चुकी है और पार्टी ने अपने दो विधायकों के समर्थन की चिट्ठी टीवीके नेता सीटीआर निर्मल कुमार को सौंप दी है। वहीं CPIM और VCK की बैठकों के बाद आधिकारिक घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।
अगर यह समर्थन औपचारिक रूप से मिल जाता है, तो तमिलनाडु में नई सरकार का नेतृत्व विजय करेंगे। वहीं द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) विपक्ष में बैठेंगी। चुनाव में DMK को 59 और AIADMK को 47 सीटें मिली हैं।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 परिणाम
पार्टी सीट
TVK 108
DMK 59
AIADMK 47
INC 5
PMK 4
IUML 2
CPI 2
VCK 2
CPIM 2
BJP 1
DMDK 1
AMMK 1
कुल 234
















