देहरादून। कांग्रेस पार्टी ने 17 जुलाई को राजधानी देहरादून के बन्नू ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से खुले मंच पर सीधा संवाद करेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं और छात्रों के हितों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से देहरादून आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों का सबसे अधिक असर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं पर पड़ा है। पेपर लीक, भर्ती में देरी और बेरोजगारी के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में आयोजित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर के युवाओं की समस्याओं को समझते हैं और इसी उद्देश्य से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों से सीधे संवाद कर रहे हैं। कोटा के बाद अब देहरादून इस अभियान का अगला प्रमुख पड़ाव होगा।
राजीव महर्षि ने दावा किया कि कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और कांग्रेस इस कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए पूरी तरह तैयार है।













