हैदराबाद के फिल्मनगर इलाके में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर तेलुगु अभिनेता धर्मा महेश के घर की कंपाउंड वॉल और एंट्री गेट की रेलिंग से जा टकराई। हादसे में घर की बाहरी दीवार और गेट को नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कार में सवार युवक नशे की हालत में थे। टक्कर के बाद अभिनेता के परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फिल्मनगर पुलिस ने कार सवार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है। अभिनेता धर्मा महेश ने इस मामले में फिल्मनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
32 वर्षीय धर्मा महेश तेलुगु फिल्मों ‘ड्रिंकर साई’ और ‘सिंधूरम’ में निभाए गए अपने किरदारों के लिए जाने जाते हैं। अभिनय के अलावा वह फूड बिजनेस से भी जुड़े हुए हैं।
इसी बीच हैदराबाद में एक अन्य चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला, उसके प्रेमी और एक अन्य साथी को उसके पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 47 वर्षीय महिला ने पिछले साल नवंबर में अपने 57 वर्षीय कारोबारी पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। लंबे समय तक जांच के बावजूद मामला नहीं सुलझा, जिसके बाद विस्तृत जांच के दौरान कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। आरोप है कि हत्या के बाद शव को महाराष्ट्र ले जाकर जला दिया गया था ताकि सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है














