शिमला। Droupadi Murmu 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह शिमला से ही अपना आधिकारिक कामकाज संचालित करेंगी। उनके इस छह दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रपति सचिवालय भी अस्थायी रूप से दिल्ली से शिमला शिफ्ट हो जाएगा।
राष्ट्रपति का यह दौरा खास इसलिए भी है क्योंकि देश में राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास केवल तीन स्थानों पर हैं—दिल्ली, शिमला और हैदराबाद। शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास, जिसे पहले ‘द रिट्रीट’ कहा जाता था, सबसे पुराना है और लगभग 175 साल पुराना बताया जाता है।
मशोबरा स्थित यह ऐतिहासिक भवन अपनी अनोखी ‘धज्जी निर्माण’ शैली के लिए जाना जाता है। लकड़ी और मिट्टी से बनी इस इमारत की खासियत यह है कि यह भूकंपरोधी होती है। साथ ही यह गर्मियों में ठंडी और सर्दियों में गर्माहट बनाए रखती है।
राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी जरूरी फाइलें और आधिकारिक कार्य शिमला से ही संचालित किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस दौरे को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
राष्ट्रपति निवास परिसर अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां 300 से अधिक सेब के पेड़ों वाला बागीचा है, जिसमें विदेशी किस्मों के पौधे भी शामिल हैं। इसके अलावा यहां आकर्षक ट्यूलिप गार्डन भी है, जिसका उद्घाटन स्वयं राष्ट्रपति ने कुछ वर्ष पहले किया था। परिसर से आसपास के पहाड़ों का 360 डिग्री मनमोहक दृश्य दिखाई देता है।
राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए फिलहाल मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। यह 3 मई से दोबारा आम जनता के लिए खोला जाएगा। उल्लेखनीय है कि इसे हाल ही में आम लोगों के लिए खोला गया था, जहां पर्यटक टिकट लेकर भ्रमण कर सकते हैं।















