Advertisement

उत्तराखंड के गांवों ने शादी समारोहों में महिलाओं के गहनों पर लगाया सख्त प्रतिबंध

देहरादून।

जौनसार-बावर क्षेत्र के कंदाड़ और इद्रोली गांवों ने शादी-ब्याह और मांगलिक कार्यों में महिलाओं के गहनों को सीमित करने का फैसला किया है। अब महिलाएं केवल कान के कुंडल, नाक की फुली और मंगलसूत्र पहन सकेंगी। नियम तोड़ने पर ₹50,000 का जुर्माना लगाया जाएगा।

गांववासियों ने बताया कि यह कदम सादगी, समानता और आर्थिक बोझ कम करने के लिए उठाया गया है। पिछले वर्षों में गहनों का दिखावा बढ़ गया था, जिससे गरीब परिवारों पर आर्थिक दबाव भी पड़ा।

स्थानीय महिलाएं इस निर्णय से सहमत हैं। फूल्पा देवी और अमृता चौहान ने कहा कि इससे सभी महिलाओं के बीच समानता बनी रहेगी और परिवारों को वित्तीय राहत मिलेगी। बुजुर्ग उमा देवी ने भी इसे पारंपरिक और समाज सुधार की दिशा में जरूरी कदम बताया।

गांव का यह निर्णय पूरे उत्तराखंड में चर्चा का विषय बन चुका है और कई लोग इसे सामाजिक जागरूकता की मिसाल बता रहे हैं।