खटीमा को मिली 6 बड़ी सौगातें, सीएम धामी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क का किया लोकार्पण

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क परिसर में पौधरोपण किया और पार्क का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी छह महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए खटीमा को कई नई सौगातें देने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री की घोषणाओं में नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करना, खटीमा में स्टेडियम का निर्माण, क्रियाशाला का निर्माण, सर्किट हाउस का निर्माण और वेंडिंग जोन विकसित करना शामिल है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बनेगा सर्किट हाउस

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की ओर जाने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खटीमा में सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण के साथ आवश्यक संसाधनों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की भी बात कही।

पार्क से मिलेगा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में पिंक शौचालय बनाने के निर्देश भी दिए।

विकास और पर्यावरण दोनों पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों के बीच वनों और पर्यावरण का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण यानी इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं।

उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के साथ संतुलन बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर तैयार करना भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

सांसद अजय भट्ट ने की सरकार के प्रयासों की सराहना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण तथा जीर्ण-शीर्ण वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित कर नया कार्यालय बनाने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया। उन्होंने खटीमा में नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, किशन सिंह किन्ना, रणजीत सिंह नामधारी, आयोग के सदस्य डॉ. जेड. ए. वारसी, गुड्डू टम्टा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, रणदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, यू.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।