KSR बेंगलुरु रेलवे स्टेशन के यार्ड में खड़ी ट्रेन की खाली बोगी में लगी आग, समय रहते पाया काबू

बेंगलुरु के क्रांतिवीर संगोली रायण्णा (KSR) रेलवे स्टेशन के यार्ड में रविवार देर रात खड़ी एक ट्रेन की खाली बोगी में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। आग लगने के वक्त बोगी पूरी तरह खाली थी, इसलिए किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।

रेलवे कर्मचारी ने देखा धुआं, तुरंत दी सूचना

जानकारी के मुताबिक, रेलवे के एक कर्मचारी ने खड़ी बोगी से धुआं निकलते देखा। उन्होंने बिना देरी किए फायर और इमरजेंसी सर्विस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

दमकल कर्मियों ने कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। इससे आग को आसपास खड़ी दूसरी बोगियों और रेलवे ट्रैक तक फैलने से रोक लिया गया। घटना के बाद रेलवे अधिकारी और पुलिस भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में बिजली की खराबी की आशंका भी जताई जा रही है। रेलवे की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

मुंबई में मेट्रो स्टेशन के नीचे टूरिस्ट बस में लगी थी आग

इससे पहले मुंबई के गोरेगांव में भी आग की एक बड़ी घटना सामने आई थी। शुक्रवार शाम वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर मेट्रो स्टेशन के नीचे एक टूरिस्ट बस में अचानक आग लग गई थी।

बताया गया कि तकनीकी खराबी के बाद ड्राइवर बस से नीचे उतरा और इसी दौरान धमाके के साथ बस में आग फैल गई। कुछ ही देर में बस से घना धुआं निकलने लगा, जो ऊपर मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गया।

धुआं भरने के कारण स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को नीचे जाने के लिए कहा गया। घटना की सूचना मिलने पर मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एंबुलेंस और मेट्रो अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची।

बस में लगी आग के कारण वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर काफी लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हालांकि, दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। स्टेशन से धुआं पूरी तरह निकलने तक वहां मेट्रो ट्रेनों को रोकने से भी बचा गया।

ग्वालियर में 25 यात्रियों से भरी बस में लगी आग

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी शनिवार रात एक बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ग्वालियर से भोपाल जा रही वीडियो कोच बस में चेतक पुरी इलाके के विवेकानंद तिराहे के पास अचानक आग लग गई।

हादसे के वक्त बस में करीब 25 यात्री सवार थे। आग तेजी से फैलने के बाद यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कई यात्रियों ने बस से कूदकर खुद को सुरक्षित किया।

हादसे में यात्रियों की जान तो बच गई, लेकिन बस में रखा उनका सामान आग की चपेट में आकर जल गया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने सार्वजनिक परिवहन वाहनों और रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।