Advertisement

होली पर कैसा रहेगा मौसम? मैदानी इलाकों में गर्मी, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार

होली के त्योहार से पहले मौसम को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 4 मार्च 2026 को होली के दिन उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में मौसम गर्म और शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार और मध्य प्रदेश समेत अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में होली के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जिससे दिन में गर्मी का एहसास बढ़ेगा।

IMD का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मार्च की शुरुआत के साथ ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में 3 और 4 मार्च को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं के कारण दोपहर में गर्मी महसूस होगी, हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की राहत मिल सकती है।

वहीं, जम्मू और कश्मीर के कई इलाकों में 4 मार्च को हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। कश्मीर घाटी के ऊंचे इलाकों में 4 से 7 मार्च के बीच रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

कुल मिलाकर इस बार उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में होली सूखी और गर्म रहने की संभावना है। ऐसे में रंग खेलते समय लोगों को धूप और बढ़ते तापमान से बचाव की सलाह दी गई है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी त्योहार के रंग में ठंडक घोल सकती है।