Advertisement

केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम अस्पताल का लोकार्पण, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। इस अस्पताल का संचालन स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा। इससे यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी लाभ मिलेगा।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करने के लिए राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार मिल रहा है। साथ ही राज्य के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य जारी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का प्रतीक भी है।

कार्यक्रम में आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस मौके पर संजय खन्ना, डॉ. कृष्ण गोपाल, सुरेश सोनी, हेमंत द्विवेदी, विशाल मिश्रा और निहारिका तोमर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।