बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के बाद प्रबुद्धजनों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के दर्पण होते हैं और उनके विचार एवं चिंतन समाज को सही दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजनों से मिलने वाले सुझाव, ऊर्जा और आशीर्वाद से प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत के प्रबुद्धजनों का मार्गदर्शन सरकार को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
‘आदर्श चम्पावत’ के साथ ‘आदर्श उत्तराखंड’ का लक्ष्य
सीएम धामी ने कहा कि सरकार आदर्श चम्पावत बनाने के संकल्प के साथ पूरे प्रदेश को आदर्श उत्तराखंड बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि टनकपुर में प्रस्तावित आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटन, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम को वर्षभर श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के लिए भी कई कार्य किए जा रहे हैं। ककराली गेट से पूर्णागिरि धाम तक स्थायी प्रकाश व्यवस्था के साथ रोपवे और हेलीपैड के विकास पर काम किया जा रहा है।
कैलाश मानसरोवर यात्रा से बढ़ेगा पर्यटन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के दृष्टिगत टनकपुर पर्यटन और तीर्थाटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। इसके साथ ही जिले में पार्किंग, एपीजे अब्दुल कलाम संस्थान और अत्याधुनिक साइंस सेंटर सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सतत विकास, कानून-व्यवस्था, निवेश और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य की जीएसडीपी पिछले पांच वर्षों में दोगुनी हुई है और पर्यटन के क्षेत्र में भी प्रदेश ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
प्रबुद्धजनों ने विकास कार्यों के लिए जताया आभार
कार्यक्रम में बंशीधर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री द्वारा व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद प्रबुद्धजनों से संवाद के लिए समय देने पर आभार जताया। पूर्व सैनिक पुष्कर कापड़ी, पूर्व कैप्टन भानी चंद और अर्जुन सिंह ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने चम्पावत में खेल, पर्यटन, मंदिर सौंदर्यीकरण, महिला सशक्तिकरण, साइंस सेंटर, रेल सुविधाओं, शारदा कॉरिडोर और आईएसबीटी टनकपुर जैसे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
दिव्यांग ग्राम प्रधान से मिलने खुद पहुंचे मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के दौरान बनबसा की प्रथम महिला ग्राम प्रधान और दिव्यांग कमला देवी मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए आगे आना चाह रही थीं। उन्हें देखकर मुख्यमंत्री स्वयं उनके पास पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।















