Indian Coast Guard (ICG) ने मुंबई के पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कोस्ट गार्ड ने मुंबई तट से लगभग 100 नॉटिकल मील दूर तीन संदिग्ध विदेशी तेल टैंकरों को जब्त किया। इस कार्रवाई को हाई-टेक निगरानी और विशेष बोर्डिंग ऑपरेशन के जरिए अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 5 फरवरी को ICG के जहाजों ने भारतीय विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में संदिग्ध गतिविधियां कर रहे तीन विदेशी जहाजों को रोका। विशेषज्ञ बोर्डिंग टीम ने जहाजों की गहन तलाशी ली। इलेक्ट्रॉनिक डेटा की जांच, दस्तावेजों के सत्यापन और क्रू से पूछताछ के बाद अवैध तेल ट्रांसफर की पूरी कड़ी सामने आई।
कोस्ट गार्ड के मुताबिक, ये जहाज रूस और ईरान जैसे प्रतिबंधों का सामना कर रहे देशों से सस्ता तेल लेकर अंतरराष्ट्रीय समुद्री इलाकों में मिड-सी ट्रांसफर (समुद्र के बीच कार्गो स्थानांतरण) के जरिए अन्य मोटर टैंकरों को सप्लाई करते थे। इस अवैध तरीके से तस्कर भारी मुनाफा कमाते थे और तटीय देशों को देय टैक्स और ड्यूटी से बचते थे।
ICG की तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली ने सबसे पहले एक मोटर टैंकर को EEZ में संदिग्ध गतिविधि करते हुए चिन्हित किया। डिजिटल डेटा पैटर्न एनालिसिस के जरिए दो अन्य जहाजों की पहचान की गई, जो अवैध रूप से तेल आधारित कार्गो का ट्रांसफर कर रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, जब्त किए गए जहाजों के नाम Stellar Ruby, Asphalt Star और Al Jafzia हैं। इन जहाजों के IMO नंबर अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित जहाजों से मेल खाते बताए जा रहे हैं और इनके ईरान से संबंध होने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, National Iranian Oil Company (NIOC) ने इन जहाजों से किसी भी प्रकार के संबंध से साफ इनकार किया है। बताया जा रहा है कि पहचान छिपाने के लिए जहाजों ने नाम और झंडा बदल लिया था।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से भी संपर्क किया जा रहा है।
















