सऊदी अरब में केन्याई महिला को 100 कोड़े मारने की सजा, शादी से पहले बच्चा पैदा करने के मामले में अदालत का फैसला; बेटे के साथ देश लौटने की गुहार

रियाद। सऊदी अरब में काम करने वाली केन्या की 40 वर्षीय घरेलू सहायिका एस्थर वानजा मुथोनी को शादी से पहले यौन संबंध बनाने के मामले में अदालत ने 100 कोड़े मारने की सजा सुनाई है। महिला पर आरोप है कि वह एक मिस्र के व्यक्ति के साथ रिश्ते में थीं और इसी दौरान गर्भवती हो गईं। बाद में उस व्यक्ति ने सऊदी अरब छोड़ दिया। अब महिला अपने एक साल के बेटे के साथ केन्या लौटना चाहती हैं, लेकिन कानूनी कार्रवाई के चलते उन्हें देश छोड़ने की अनुमति नहीं मिल रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एस्थर मुथोनी सऊदी अरब में एक परिवार के यहां हाउसकीपर और बच्चों की देखभाल करने वाली नैनी के रूप में काम करती थीं। इसी दौरान उनका मिस्र के एक व्यक्ति के साथ संबंध बना। गर्भवती होने के बाद उनका मामला सामने आया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति का पता चलने के बाद पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।

महिला को सता रहा 100 कोड़ों की सजा का डर
एस्थर मुथोनी ने पिछले महीने एक इंटरव्यू में अपनी परेशानी बताते हुए कहा था कि वह सजा को लेकर बेहद डरी हुई हैं। उन्होंने कहा, “मैं बहुत डरी हुई हूं। मुझे नहीं लगता कि मैं उन कोड़ों की मार सह पाऊंगी।”

सऊदी अरब में शादी से पहले यौन संबंध बनाना गैरकानूनी माना जाता है। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि ऐसे कानूनों का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ता है, क्योंकि गर्भधारण की स्थिति में उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

एक साल से बेटे के साथ केन्या लौटने की कोशिश
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मुथोनी एक साल से अधिक समय से अपने बेटे अबुडी के साथ केन्या वापस लौटने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, कानूनी प्रक्रिया के कारण उनकी राह मुश्किल बनी हुई है।

बच्चे को जन्म देने के बाद उन्हें उस परिवार के स्टाफ आवास में वापस जाने की अनुमति नहीं मिली, जहां वह काम करती थीं। इसके बाद उन्हें एक पेट्रोल पंप पर रहना पड़ा। यह जगह उन महिलाओं के इकट्ठा होने का स्थान बन गई थी, जो अपने बच्चों के साथ अपने देश वापस जाने का इंतजार कर रही थीं।

मीडिया में मामला सामने आने के बाद उन्हें रहने के लिए दूसरी जगह उपलब्ध कराई गई। हालांकि, उन्हें बताया गया कि मुकदमा लंबित रहने तक वह सऊदी अरब छोड़कर नहीं जा सकतीं।

मानवाधिकार संगठनों ने सजा की निंदा की
इस मामले को लेकर मानवाधिकार संगठनों ने सऊदी अरब की कानूनी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ब्रिटेन स्थित मानवाधिकार संगठन ALQST की कार्यवाहक निदेशक मरियम अलदोसारी ने इस सजा की आलोचना करते हुए इसे हिंसा का एक रूप बताया है।

उन्होंने कहा कि सऊदी अरब खुद को आधुनिक देश और महिलाओं को सशक्त बनाने वाले राष्ट्र के रूप में पेश करता है, लेकिन दूसरी तरफ एक मां को 100 कोड़े मारने की सजा सुनाई जा रही है। उन्होंने मुथोनी को उनके बच्चे के साथ अपने देश लौटने की अनुमति देने की मांग की है।

वकील के बिना कानूनी लड़ाई लड़ने का आरोप
मुथोनी ने अपनी कानूनी परेशानियों के बारे में बताते हुए कहा कि उन्हें बातचीत के लिए एक अनुवादक तो उपलब्ध कराया गया, लेकिन अपना पक्ष रखने के लिए कोई वकील नहीं मिला।

मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि खाड़ी देशों में काम करने वाली केन्याई और अन्य अफ्रीकी घरेलू सहायिकाओं को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इनमें शारीरिक हिंसा, यौन उत्पीड़न और शोषण के मामले भी शामिल हैं।

यह मामला एक बार फिर प्रवासी घरेलू कामगारों की सुरक्षा, महिलाओं के अधिकारों और न्यायिक प्रक्रिया में कानूनी सहायता की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।