अमेरिकी प्रस्ताव ठुकराया: ईरान ने रखीं 5 शर्तें, कहा—‘युद्ध खत्म हम करेंगे’

तेहरान/वॉशिंगटन। ईरान ने युद्धविराम को लेकर अमेरिका के प्रस्ताव को एक बार फिर सिरे से खारिज कर दिया है। ईरान ने स्पष्ट कहा है कि युद्ध कब और किन शर्तों पर समाप्त होगा, यह फैसला वही करेगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से दिए गए प्रस्ताव को तेहरान ने “अत्यधिक” बताते हुए अस्वीकार कर दिया। इसके जवाब में ईरान ने नई शर्तों की सूची जारी की है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य पर संप्रभुता का मुद्दा भी प्रमुख रूप से शामिल है।

\सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने मौजूदा संघर्ष समाप्त करने के लिए पांच अहम मांगें रखी हैं—

  • दुश्मन देशों द्वारा “आक्रामकता और हत्याओं” पर पूर्ण विराम।
  • भविष्य में ईरान पर दोबारा युद्ध न थोपे जाने के लिए ठोस और विश्वसनीय तंत्र की स्थापना।
  • युद्ध में हुए नुकसान की भरपाई और मुआवज़े का स्पष्ट व गारंटीकृत भुगतान।
  • क्षेत्र में सक्रिय सभी प्रतिरोध समूहों के खिलाफ सभी मोर्चों पर संघर्ष की समाप्ति।
  • होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान की संप्रभुता को मान्यता।

ईरानी अधिकारियों ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमेरिका यह तय नहीं कर सकता कि युद्ध कब खत्म होगा। उनका कहना है, “युद्ध आपने शुरू किया, लेकिन इसे खत्म हम अपनी शर्तों पर ही करेंगे।”

ईरान ने यह भी साफ किया कि क्षेत्र में स्थायी शांति तभी संभव है, जब उसकी सुरक्षा, संप्रभुता और आर्थिक हितों की गारंटी दी जाए।

इस घटनाक्रम के बाद मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे रणनीतिक रूप से अहम इलाके को लेकर।