Advertisement

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस थाने पर चरमपंथी हमला, तीन पुलिसकर्मियों की मौत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चरमपंथियों ने एक बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने की कोशिश की। बन्नू जिले के फतेहखेल पुलिस थाने को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में कम से कम तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, चरमपंथी विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी लेकर पुलिस थाने में घुसने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि सुरक्षाबलों ने समय रहते उन्हें रोक लिया, जिसके बाद गाड़ी में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि आसपास के कई मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

विस्फोट के बाद बड़ी संख्या में हथियारबंद चरमपंथियों ने पुलिस थाने पर हमला बोल दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुई। इस मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर तैनात किया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहेल अफरीदी ने हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई केवल खैबर पख्तूनख्वा की नहीं, बल्कि पूरे पाकिस्तान की लड़ाई है। मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाने दी जाएगी।

अफरीदी ने यह भी कहा कि गलत नीतियों और बंद कमरों में लिए गए फैसलों ने देश को असुरक्षा की स्थिति में पहुंचा दिया है। उन्होंने आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाने की बात कही।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में अफगानिस्तान सीमा से लगे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। सुरक्षा बलों और पुलिस चौकियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।