उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सोमवार को पहाड़ी और मैदानी इलाकों में तेज आंधी-तूफान, बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 11-20 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर 60-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
इसके अलावा उत्तराखंड, झारखंड, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में भी ओलावृष्टि की खबर है। वहीं पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और त्रिपुरा सहित कई राज्यों में भारी बारिश दर्ज की गई।
मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में तापमान 36 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जबकि राजस्थान और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तापमान 36-40 डिग्री के बीच रहा। सबसे अधिक तापमान आदिलाबाद में 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 6 मई तक तथा उत्तराखंड में 8 मई तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके साथ ही 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली कड़कने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मंगलवार को दिल्ली-NCR के नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ सहित कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है।
इस बदले मौसम से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए फसलों को नुकसान का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।
















