उत्तराखंड की राजधानी Dehradun के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में शनिवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले प्रेमी-प्रेमिका के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना क्लेमेंटटाउन इलाके के ओगल भट्टा क्षेत्र की है। घायल युवक (21 वर्ष) मूल रूप से Meerut का रहने वाला है, जबकि युवती (21 वर्ष) देहरादून की निवासी है। दोनों Master of Computer Applications (एमसीए) प्रथम वर्ष के छात्र हैं और क्लेमेंटटाउन स्थित एक निजी संस्थान में पढ़ाई कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके रिश्ते में तनाव चल रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवती हाल के दिनों में किसी अन्य युवक के संपर्क में थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था।
शनिवार को युवती इस मुद्दे पर बातचीत करने के लिए युवक के ओगल भट्टा स्थित कमरे पर पहुंची थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक हो गया। गुस्से में आकर दोनों ने रसोई में रखा चाकू उठा लिया और एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खून से लथपथ दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, झगड़े के दौरान युवती की गर्दन पर गहरा घाव लग गया था। डॉक्टरों ने उसका सफल ऑपरेशन कर दिया है। युवक भी घायल है और उसका इलाज जारी है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों के अनुसार वे खतरे से बाहर हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।













