Advertisement

‘सरके चुनर तेरी सरके’ विवाद पर CBFC का बयान, कहा– डिजिटल कंटेंट से हमारा कोई संबंध नहीं

कन्नड़ पैन इंडिया फिल्म KD: The Devil के विवादित गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस पूरे मामले पर Central Board of Film Certification (CBFC) ने अपनी स्थिति साफ कर दी है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया कि इस गाने के लिए उनके पास किसी भी प्रकार का सर्टिफिकेशन आवेदन नहीं आया है। साथ ही यह भी कहा गया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाला कोई भी कंटेंट CBFC के दायरे में नहीं आता है, इसलिए इस गाने को लेकर बोर्ड की कोई भूमिका नहीं है।

गौरतलब है कि 14 मार्च को रिलीज हुए इस गाने में Nora Fatehi और Sanjay Dutt नजर आए थे। रिलीज के तुरंत बाद ही इसके डबल मीनिंग और कथित आपत्तिजनक लिरिक्स को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद मेकर्स को इसका हिंदी वर्जन सभी प्लेटफॉर्म्स से हटाना पड़ा।

इस मामले में नोरा फतेही ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही मेकर्स को इस गाने के हिंदी वर्जन को लेकर संभावित विरोध की चेतावनी दी थी।

CBFC ने अपने बयान में यह भी कहा कि डिजिटल कंटेंट को लेकर अक्सर भ्रम की स्थिति बन जाती है और बिना वजह बोर्ड का नाम इसमें जोड़ दिया जाता है, जबकि ऐसे मामलों में जिम्मेदारी संबंधित प्लेटफॉर्म और निर्माताओं की होती है।

फिलहाल, यह विवाद राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बना हुआ है, और अब सभी की नजरें फिल्म के मेकर्स और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।